
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केकेडीसी (KKDC), संत विवेकानंद कॉलेज, नारायण कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने अभ्यर्थियों के प्रवेश, सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी केंद्रों पर परीक्षा सुचारु एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जाए।

वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा परीक्षा के दौरान सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के इस निरीक्षण का उद्देश्य परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराना रहा।

