Homeजसवंतनगरराष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए एक...

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए एक विशेष साइकिल यात्रा की शुरुआत

जसवंतनगर । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए एक विशेष साइकिल यात्रा की शुरुआत की है। यह यात्रा रविवार को कैस्त गांव के आंबेडकर पार्क से शुरू की गई। यात्रा का शुभारंभ बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए किया गया, जिसमें विभाग संघचालक रामनरेश शर्मा, वर्तमान प्रधान, राजकुमार यादव (सखंड कार्यवाह), प्रबल प्रताप (सह खंड कार्यवाह), और गौरव धाकरे (नगर कार्यवाह) उपस्थित रहे और बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण किया।

सह विभाग संघचालक रामनरेश शर्मा ने इस अवसर पर बताया कि आरएसएस का यह यात्रा कार्यक्रम सताब्दी वर्ष के अवसर पर शुरू किया गया है। उनका उद्देश्य अब मंडल स्तर तक किए गए कार्य को अब गांव स्तर तक पहुंचाना है। यात्रा में पंच परिवर्तन के पांच मुख्य विषयों—परिवार प्रबोधन, जल और पर्यावरण, सामाजिक समरसता, स्व का बोध, और नागरिक कर्तव्य—पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि समाज को जागरूक करने की आवश्यकता है, ताकि पुरानी प्राचीन परंपराओं को पुष्ट किया जा सके और देश की दिशा को सही मार्ग पर लाया जा सके।

उन्होंने जल और पर्यावरण के संकट पर भी चिंता जताई, कहा कि जल स्रोतों की कमी हो रही है और पर्यावरण दूषित हो चुका है। इसलिए हमें जल स्रोतों की रक्षा करने के उपायों पर ध्यान देना चाहिए और अधिक से अधिक ऑक्सीजन देने वाले पेड़ लगाने चाहिए। इसके साथ ही समाज में व्याप्त ऊंच-नीच और छूत की प्रथा को समाप्त करने के लिए सामाजिक समरसता की दिशा में प्रयास करने की बात भी उन्होंने कही। उनका मानना था कि सभी हिंदू एक हैं, और इस विचार को समाज में जागरूकता के साथ फैलाने की जरूरत है।

यह यात्रा मलाजनी मंडल से शुरू होकर भीखनपुर मंडल के सिरहौल, सिसहाट गांव होते हुए राजपुर तमेरी गांव में संपन्न हुई। यात्रा के दौरान इन गांवों में किसान, विद्यार्थी और महिलाओं की सभाएं आयोजित की गईं, जिसमें समाज के विभिन्न मुद्दों पर जागरूकता फैलाई गई और लोगों से अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया गया।

इस यात्रा में कई प्रमुख कार्यकर्ता भी शामिल थे, जिनमें रामरतन राठौर (सेवा प्रमुख), सुनील धनगर (जिला ग्राम विकास प्रमुख), रिंकू सिंह (खंड संपर्क प्रमुख), सुनील दुबे (मंडल कार्यवाह), विक्रम सिंह (सखंड शारीरिक प्रमुख), महेश पाल और अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। इस यात्रा ने ग्रामीणों को जागरूक करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया है।

आज की खबरें

Advertisements

All Time Popular Article