Homeजसवंतनगरइटावा की विश्वस्तरीय रामलीला की तैयारियां, 1 अक्टूबर से होगा शुभारंभ

इटावा की विश्वस्तरीय रामलीला की तैयारियां, 1 अक्टूबर से होगा शुभारंभ

जसवंतनगर। विश्व प्रसिद्ध प्रथम मैदानी रामलीला के रूप में प्रख्यात जसवंतनगर की रामलीला का 24 दिवसीय कार्यक्रम मंगलवार को रामलीला समिति प्रबंधक राजीव गुप्ता बबलू और संयोजक ठा.अजेंद्र सिंह गौर ने विधिवत घोषित कर दिया है। उन्होंने बताया कि 25 दिवसीय कार्यक्रम में 14 दिनों तक भगवान राम की लीलाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा इस वर्ष 10 दिवसीय राम कथा के साथ-साथ बृज की झांकियां का मनमोहक कार्यक्रम भी आयोजित होगा।
इस रामलीला मेले की शुरुआत 1 अक्टूबर से होगी। इसमें गणेश बारातोत्सव समिति द्वारा नगर में 30 सितंबर को भगवान गणेश की शोभायात्रा में निकाली जाएगी। 1 अक्टूबर की रात में धनुष भंग और लक्ष्मण -परशुराम संवाद का कार्यक्रम मंचीय आयोजित होगा। 2 अक्टूबर को रामबारात का कार्यक्रम है। 4 अक्टूबर को भगवान राम के वनवास की लीला आयोजित होगी। इसके बाद 5 अक्टूबर से लेकर 13 अक्टूबर मैदानी लीलाओं के रूप में प्रदर्शित की जाएगी।
उक्त लीलाओं में 5 अक्टूबर को भरत मनौआ, भरत मिलाप, 6 अक्टूबर को जयंत की आंख फूटना, विराध राक्षस का वध तथा 7 अक्टूबर को सुपर्णखा की नाक कटेगी और खरदूषण वध के बाद रावण और मारीच के बीच वार्ता प्रदर्शित होगी। 8 अक्टूबर को मामा मारीच का वध ,सीता हरण, कबंध वध, सुग्रीव मिलाई की लीलाएं तथा 9 अक्टूबर को बालि वध, रावण-हनुमान संवाद, लंका दहन, अक्षय कुमार वध की लीलाएं होगी।
10 अक्टूबर को सेतु बांधना ,रावण – अंगद संवाद, लक्ष्मण शक्ति की लीलाएं आयोजित की जाएगी।
आगे बताया कि इस वर्ष भी 3 दिनों तक नगर की सड़कों पर राम और रावण के दलों के बीच युद्ध का प्रदर्शन होगा।
11 अक्टूबर को नगर की सड़कों पर युद्ध करते हुए रामलीला मैदान से राक्षस अतिकाय, रावण का भाई कुंभकरण का युद्ध फिर दोनों के वध की लीला होगी। 12 अक्टूबर को इसी तरह नगर की सड़कों पर युद्ध करते राक्षस दुर्मुख, रावण पुत्र मेघनाथ निकलेंगे और रामलीला मैदान में मेघनाथ द्वारा नाग फांस ,मेघनाथ का वध, सती सुलोचना वार्ता लीलाएं आयोजित होगी।
जसवंत नगर की रामलीला में हर वर्ष पंचक लगने पर ही रावण का वध होता है, इसलिए 13 अक्टूबर को दशहरा मनेगा और सड़कों और रामलीला मैदान जसवंत नगर में युद्ध करते नारायणतक अहिरावण और लंकेश रावण के वध की रोमांचक लीलाएं आयोजित होगी।
14 अक्टूबर को भरत मिलाप के साथ भगवान राम अपने दल के साथ नगर भ्रमण करेंगे। इसी दिन रात में शंकर बारातोत्सव समिति द्वारा भगवान शंकर की नगर में भव्य बारात निकाली जाएगी।
15 और 16 अक्टूबर को रामलीला मैदान में ग्रामीणों की पसंदगी का कार्यक्रम ढोला पार्टी का आयोजन होगा।
रामलीला समिति इस वर्ष 10 दिनो तक रामलीला महोत्सव में राम कथा का आयोजन रामलीला मैदान में करवाने जा रही है। यह राम कथा कलश यात्रा के साथ 16 अक्टूबर को आरंभ होगी। उसी दिन रात में कटरा पुख्ता में भगवान राम का राजतिलक तथा रामलीला मैदान में काला जादू का कार्यक्रम भी आयोजित होगा।
इस राम कथा का आयोजन 16 अक्टूबर से लेकर 24 अक्टूबर तक दिन में 3:00 बजे से होगा। राम कथा के समापन को लेकर 25 अक्टूबर को प्रसाद वितरण एवं भंडारा आयोजन रामलीला मैदान में होगा।
26 अक्टूबर की रात अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन रामलीला मैदान के मंच पर किया जाएगा।

आज की खबरें

Advertisements

All Time Popular Article