Homeइटावापछुआ हवाओं से ठंड में बढ़ोतरी, तापमान में गिरावट

पछुआ हवाओं से ठंड में बढ़ोतरी, तापमान में गिरावट

इटावा। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद अब पछुआ हवाएं चलने लगी हैं, जिसके चलते जिले में ठंड बढ़ गई है। पिछले 24 घंटों में रात के न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को ठंड का तीव्र अहसास हुआ।

रविवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे, हालांकि देर रात तक जिले में कहीं भी बारिश नहीं हुई। दिनभर चली हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। मौसम का मिजाज बदला-बदला सा नजर आया, और दिन के समय आसमान में छाए बादलों ने धूप को पूरी तरह से ढक लिया, जिससे पारा गिरने के बाद ठंड बढ़ गई।

रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, शनिवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री था। मौसम में आए इस बदलाव ने पूरे जिले में ठंड बढ़ा दी।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, इस समय दक्षिणी-पूर्वी हवाएं चल रही हैं और पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र से गुजर चुका है। इसके बाद अब उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिससे ठंडक और बढ़ेगी। हालांकि, इस दौरान गलन भरी ठंड और शीत लहरी से राहत रहेगी। डॉ. पांडेय ने यह भी बताया कि सोमवार से बादल छूटने के आसार हैं और बारिश की संभावना फिलहाल नहीं है।

आज की खबरें

Advertisements

All Time Popular Article