निवाड़ीकला: ब्लॉक महेवा के ग्राम बहेड़ा में शुक्रवार की रात हुई भारी बारिश के कारण कुलदीप दोहरे का कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। इस घटना में घर में रखा सारा घरेलू सामान मलबे में दब गया। कुलदीप दोहरे ने बताया कि अचानक आई बाढ़ की वजह से उनका मकान गिर गया। मकान में रखा सारा सामान जैसे बर्तन, कपड़े, खाने–पीने का सामान सब कुछ मलबे में दब गया है। इस घटना से परिवार पूरी तरह से बेघर हो गया है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। उन्होंने बताया कि वे बेहद गरीब हैं और इस घटना से उनका जीवन अस्त–व्यस्त हो गया है।ग्राम लेखपाल राहुल ने बताया कि उन्हें इस घटना की सूचना मिल गई है और वे जल्द ही मौके पर जाकर जांच करेंगे। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दी जाएगी।
यह घटना एक बार फिर कच्चे मकानों के खतरों को उजागर करती है। बारिश के मौसम में ऐसे मकान गिरने की घटनाएं आम हैं। ऐसे में प्रशासन को लोगों को पक्के मकान बनाने के लिए प्रेरित करना चाहिए और उन्हें आर्थिक मदद भी देनी चाहिए।