Homeभरथनामताधिकार का प्रयोग करने के लिए बुजुर्गों में दिखा खासा उत्साह

मताधिकार का प्रयोग करने के लिए बुजुर्गों में दिखा खासा उत्साह

भरथना- लोकसभा निर्वाचन के तीसरे चरण में संसदीय क्षेत्र मैनपुरी के अन्तर्गत आने वाली जनपद इटावा की विधान सभा जसवन्तनगर क्षेत्र के मतदान केन्द्रों पर युवाओं से अधिक असहाय व वृद्धजनों में मताधिकार प्रयोग करने का उत्साह देखने को मिला। कई असहाय वृद्ध अपने परिजनों के सहयोग से चारपाई पर व गोद में मतदान केन्द्र पहुँचे और लोकतंत्रहित में उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

संसदीय क्षेत्र मैनपुरी अन्तर्गत इटावा जनपद की जसवन्तनगर विधान सभा का आंशिक हिस्सा भरथना तहसील अन्तर्गत 5 ग्राम पंचायत क्षेत्र के पोलिंग बूथों पर कडी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चिलचिलाती तेज धूप में धीमी गति से उत्साहपूर्वक मतदान चलता रहा। इस बीच क्षेत्र के मतदान केन्द्र दिवरासई, बेर, जवरपुरा, लखनपुर पचार, नगला भोज सहित पाँचों मतदान केन्द्र के सभी बूथों पर धीमी गति से मतदान सम्पन्न हुआ। मतदान केन्द्र शेखूपुर व बेर में युवाओं की तुलना में सबसे अधिक असहाय, बुजुर्गों को उत्साहपूर्वक मतदान करते देखा गया। यहाँ ग्राम शेखूपुर निवासिनी 85 वर्षीय प्रेमशिला पत्नी हरीराम जाटव ने अपने पुत्र अहिवरन सिंह की गोद में पोलिंग स्टेशन किसान इण्टर कालेज शेखूपुर पहुंचकर उत्साहपूर्वक वोट डाला। वहीं ग्राम बेर निवासी 75 वर्षीय मुलायम सिंह यादव ने ग्रामीणों के सहयोग से चारपाई पर बैठकर पोलिंग स्टेशन उ0प्रा0वि0 बेर पहुँचकर मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं 95 वर्षीय विजय सिंह यादव पुत्र भिखारी लाल यादव नि0 आलमपुरा ने अपने छोटे पुत्र राजेश यादव पण्डा के साथ पोलिंग स्टेशन बेर पहुंचकर मतदान किया। इसके अलावा ग्राम नगला प्रान निवासी 90 वर्षीय गंगाश्री पत्नी विजय सिंह ने अपने परिजन के साथ गोद में पोलिंग स्टेशन पहुंचकर मतदान किया। इससे पूर्व मतदान केन्द्र उ0प्रा0वि0 बेर पर बुजुर्ग और युवाओं को लम्बी कतार में मतदान करते देखा गया। वहीं स्वतंत्र व निर्भीक रूप से मतदान कराने के लिए उपजिलाधिकारी/सहा0निर्वा0 अधिकारी सुशान्त श्रीवास्तव के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह व भरथना कस्बा चौकी इंचार्ज हाकिम सिंह भारी पुलिस बल के साथ पोलिंग स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। जिसके चलते ग्रामीण मतदाताओं ने निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

दो सांसदों के भाग्य का फैंसला करेगें जैतूपुर के मतदाता

स्थानीय विकास खण्ड क्षेत्रान्तर्गत ग्राम पंचायत जैतूपुर ख्वाजगी के मजरा चन्देठी के करीब 550 मतदाताओं ने 7 मई मंगलवार को मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान किया। जबकि इसी ग्राम पंचायत के शेष मतदाता आगामी 13 मई को लोकसभा इटावा क्षेत्र के सांसद प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करेगें। इससे पूर्व भी इस ग्राम पंचायत के मतदाता इटावा लोकसभा से भारतीय जनता पार्टी के डा0 रामशंकर कठेरिया व मैनपुरी लोकसभा से सपा प्रमुख पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिम्पल यादव को सांसद चुन चुके हैं। इसी प्रकार उक्त ग्राम पंचायत के मतदाता इस बार भी दो सांसदों का चुनाव करेगें।

आज की खबरें

Advertisements

All Time Popular Article