Homeबढपुरायमुना पुल की टूटी रेलिंग से हादसे का खतरा, प्रशासन से जल्द...

यमुना पुल की टूटी रेलिंग से हादसे का खतरा, प्रशासन से जल्द मरम्मत की अपील

उदी, 1 जनवरी 2025: यमुना पुल की रेलिंग पिछले कई महीनों से टूटी हुई है, लेकिन अभी तक इसका मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया है। पुल के दोनों छोर की टूटी रेलिंग से यहां से गुजरने वाले वाहन सवारों के लिए खतरा पैदा हो गया है। खासतौर पर इटावा-ग्वालियर मार्ग पर यह टूटी रेलिंग कभी भी एक बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

पिछले दो दिनों से सर्दी और कोहरे के कारण दृश्यता कम हो गई है, जिससे पुल पर आने-जाने वाले वाहन सवारों को दूर से यह टूटी हुई रेलिंग दिखाई नहीं देती। यह स्थिति और भी अधिक खतरनाक हो जाती है, क्योंकि कोहरे की वजह से वाहन चालक सही समय पर स्थिति को नहीं देख पाते और किसी अप्रत्याशित घटना का शिकार हो सकते हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुल की टूटी हुई रेलिंग की मरम्मत जल्द नहीं की गई तो यहां किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि इस खतरनाक स्थिति का समाधान शीघ्र किया जाए और यमुना पुल की रेलिंग को ठीक किया जाए।

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए, जिला अभियंता पीडब्ल्यूडी, मुकेश ठाकुर ने बताया कि इस माह के अंत तक पुल की रेलिंग के साथ-साथ अन्य मरम्मत कार्य भी पूरे कर दिए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी दुर्घटना से बचने के लिए मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

आज की खबरें

Advertisements

All Time Popular Article