इटावा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा तीन दिन पहले “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” नियम का सख्ती से पालन कराए जाने के आदेश दिए गए थे। इस नियम का उद्देश्य सड़क हादसों से होने वाली मौतों पर नियंत्रण करना था, लेकिन जब इस आदेश का पालन इटावा के पेट्रोल पंपों पर जांचा गया, तो उसकी पोल खुल गई।
इटावा के पक्के वाग स्थित एक पेट्रोल पंप पर दोपहर 2:38 बजे चार दोपहिया वाहन चालक पेट्रोल भरवाने पहुंचे, लेकिन इनमें से किसी भी वाहन चालक ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। मुख्यमंत्री के आदेश के बावजूद यहां पेट्रोल पंप पर यह नियम पालन नहीं हो रहा था।
इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी ने बताया कि इस समय तक इस नियम के पालन के लिए कोई लिखित आदेश शासन से नहीं मिला है। हालांकि, उच्चाधिकारियों से इस विषय पर वार्ता की जाएगी और पेट्रोल पंप संचालकों को इस नियम का पालन करने के लिए निर्देश दिए जाएंगे। उनका मानना है कि इस नियम के पालन से सड़क हादसों में कमी आएगी और सुरक्षा बढ़ेगी।
हालांकि, यह स्थिति इस बात को स्पष्ट करती है कि इस नियम का प्रभावी ढंग से पालन शुरू करने के लिए शासन की ओर से उचित निर्देशों और सूचना का आदान-प्रदान जरूरी है। अब देखा यह होगा कि आगामी दिनों में मुख्यमंत्री के आदेश का पालन किस हद तक सख्ती से किया जाता है।