इटावा। नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों ने माई भारत के बैनर तले सैफई में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान शुरू किया। इस अभियान के तहत लोगों को सड़क पर सुरक्षित चलने के तरीके और यातायात नियमों की जानकारी दी गई। स्वयंसेवकों ने यातायात संचालन में पुलिस का सहयोग भी किया और लोगों को नियमों के पालन के प्रति प्रेरित किया।
सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के पहले दिन नेहरू युवा केंद्र और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक सैफई थाने पहुंचे। यहां थाना प्रभारी आरके शर्मा ने युवाओं को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद स्वयंसेवकों ने सैफई के प्रमुख चौराहों, जैसे गोल चौराहा, चंदगी राम चौराहा और मेडिकल कॉलेज चौराहा पर यातायात पुलिस के साथ मिलकर यातायात संचालन में सहयोग किया। साथ ही, उन्होंने राहगीरों और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के महत्व और नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया।
यह अभियान 23 जनवरी तक जारी रहेगा। आगामी दिनों में स्वयंसेवक शहर के विभिन्न स्थानों पर सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इन कार्यक्रमों में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएं, पेंटिंग, स्लोगन लेखन, कविता लेखन और नुक्कड़ नाटक जैसे आयोजन शामिल होंगे। इन गतिविधियों के जरिए युवाओं को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के नोडल अधिकारी, चौधरी चरण सिंह महाविद्यालय के डॉ. नीरज और नेहरू युवा केंद्र के लेखाकार श्रवण कुमार बाधम उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं के इस प्रयास की सराहना की और अभियान को सफल बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।